मिशन इंपॉसिबल और टॉप गन जैसी मूवी फ्रेंचाइजी के दम पर फैंस का दिल जीतने वाले हॉलीवुड के सुपरस्टार टॉम क्रूज (Tom Cruise) अपनी प्रोफेशनल लाइफ के अलावा पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में बने रहते हैं। खासतौर पर उनकी बेटी सूरी को लेकर वह समय-समय सुर्खियां बटोरते हैं।
अब खबर आ रही है कि टॉम क्रूज और उनकी पूर्व पत्नी केटी होम्स की बेटी सूरी (Suri) ने अपने पिता से कानूनी तौर पर सारे रिश्ते खत्म कर दिए हैं और अपने नाम से क्रूज सरनेम भी हटा दिया है। पूरा मामला क्या, आइए जानते हैं-
पेज सिक्स की रिपोर्ट के आधार पर ये बताया जा रहा है कि कानूनी सहारा लेकर सूरी ने अब आधिकारिक तौर पर अपने नाम के आगे से पिता और हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज का सरनेम हमेशा-हमेशा के लिए हटा दिया है। सूरी ने अपने नाम में आगे नोएल सरनेम यानी सूरी नोएल (Suir Noelle) कर लिया है।
टॉम क्रूज की 20 वर्षीय बेटी सूरी करीब दो साल पहले चर्चा में आई थीं। जब उन्होंने लागुआर्डिया हाई स्कूल से ग्रेजुएशन सेरेमनी के पैम्फलेट में अपने पिता का सरनेम इस्तेमाल नहीं किया। सूरी लाइमलाइट से दूर रहना चाहती हैं और पैपराजी से बचना चाहती थीं, साथ ही अपनी अलग पहचान बनाना चाहती थीं। वह कॉलेज में एक नई पारी का आगाज करना चाहती थीं।
7 साल की थीं सूरी जब हुआ पैरेंट्स का तलाककेटी होम्स टॉम क्रूज की तीसरी पत्नी रहीं, उससे पहले टॉम ने मिमी रोजर्स और निकोल किडमैन संग दो शादियां और रचाई थीं। साल 2006 में केटी और टॉम ने एक दूसरे को अपना हमसफर चुना। केटी शादी से पहले ही प्रेग्नेंट थीं और 6 साल बाद 2012 में टॉम और उनका तलाक हो गया। उस वक्त सूरी की उम्र महज 7 साल की थी। बता दें कि आने वाले समय में टॉम क्रूज फिल्म टॉप गन की तीसरी किस्त में नजर आएंगे।