80 और 90 के दशक में युवाओं के दिलों पर राज करने वाली संगीता बिजलानी का करियर जितना चमकदार रहा, उनकी निजी जिंदगी उतनी ही उतार-चढ़ाव भरी रही. खासकर उनके रिश्तों ने हमेशा मीडिया का ध्यान खींचा, चाहे वह सुपरस्टार सलमान खान के साथ उनकी हाई-प्रोफाइल लव स्टोरी हो, जो शादी के मुकाम तक पहुंचकर भी अधूरी रह गई, या फिर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ उनकी चर्चित शादी.
बॉलीवुड एक्ट्रेस और पूर्व मॉडल संगीता बिजलानी सिर्फ अपनी खूबसूरती, स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस के लिए ही नहीं जानी जातीं, बल्कि अपने रिश्तों को लेकर भी हमेशा सुर्खियां बटोरी हैं. 1980 और 90 के दशक में इंडस्ट्री की सबसे ग्लैमरस हस्तियों में शुमार संगीता की निजी जिंदगी ने कई उतार-चढ़ाव देखे, जिन्होंने उन्हें और भी मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया.
संगीता बिजलानी का सबसे चर्चित रिश्ता सुपरस्टार सलमान खान के साथ रहा. दोनों की मुलाकात 80 के दशक के अंत में हुई थी और देखते ही देखते दोनों इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल में शामिल हो गए. उनका रिश्ता इतना गंभीर हो गया था कि दोनों की शादी तक की तैयारियां शुरू हो गई थीं. उनकी शादी के कार्ड तक छप गए थे, लेकिन किसी वजह से यह रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच पाया.
सलमान खान और संगीता बिजलानी आज भी एक-दूसरे के बेहद अच्छे दोस्त हैं. सलमान ने अपने एक टीवी इंटरव्यू में यह स्वीकार किया था कि शादी की सारी तैयारियां हो गई थीं, लेकिन होने से रह गई. इस ईमानदारी और दोस्ती ने दोनों के रिश्ते को एक परिपक्व मोड़ दिया. सलमान से रिश्ता टूटने के बाद संगीता की जिंदगी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन की एंट्री हुई.
दोनों ने साल 1996 में शादी कर ली थी. अजहरुद्दीन ने संगीता के लिए अपनी पहली पत्नी को छोड़ दिया था. शादी के शुरुआती साल काफी शांतिपूर्ण रहे और संगीता ने फिल्मों से दूरी बनाकर अपनी शादी और परिवार पर ध्यान दिया. हालांकि, समय के साथ यह रिश्ता भी दरकने लगा. अजहर-संगीता के बीच 14 साल का रिश्ता 2010 में तलाक के साथ खत्म हो गया.