बॉलीवुड की खूबसूरत जोड़ियों में शामिल ऋषि कपूर और नीतू कपूर की शादीशुदा जिंदगी में भी कई उतार-चढ़ाव आए। दोनों ने 22 जनवरी 1980 को शादी की थी और करीब 40 साल तक साथ रहे। लेकिन उनकी जिंदगी हमेशा हंसी-खुशी नहीं गुजरी।नीतू कपूर ने सोहा अली खान के पॉडकास्ट में अपनी शादी के कई अनसुने किस्से साझा किए।
उन्होंने बताया कि ऋषि कपूर बेहद मजबूत विचारों वाले इंसान थे। जब दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा होता था, तो ऋषि उनकी बात आसानी से नहीं सुनते थे। ऐसे में नीतू उनसे बातचीत बंद कर देती थीं।
नीतू के मुताबिक, उनकी यह नाराजगी कभी एक महीने तो कभी छह महीने तक चल जाती थी। ऋषि कपूर आखिरकार बच्चों रणबीर और रिद्धिमा से उनके बारे में पूछते और फिर खुद नीतू के पास आकर कहते कि बताओ, क्या परेशानी है?
नीतू ने यह भी बताया कि उनकी सास मजाक में कहती थीं कि तुमने 40 साल शादी नहीं निभाई, क्योंकि आधा समय तो तुम दोनों बात ही नहीं करते थे।इस तरह उनकी जिंदगी में प्यार के साथ रूठने-मनाने के कई किस्से भी जुड़े रहे