[संगीत] महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। जन्मदिन की पार्टी के बाद देर रात ड्राइव पर निकले तीन दोस्तों की लग्जरी BMW Z4 कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के समय कार की रफ्तार 250 किमी/ घंटे से ज्यादा थी। यह हादसा मुंबई वड़ोदरा एक्सप्रेसवे के बदलापुर क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 3:00 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार BMW Z4 में तीन दोस्त सवार थे। मृतकों की पहचान योगेश दिघे और रेबाज जाकब के रूप में हुई है। जबकि उनका मित्र आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक तीनों दोस्त एक बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि हादसे वाले दिन योगेश दिघे का जन्मदिन था और पार्टी के बाद सभी देर रात ड्राइव पर निकले थे। लेकिन यह जश्न कुछ ही घंटों में मातम में बदल गया। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो और Instagram पर लाइव ही चर्चा शुरू हुई। इसमें BMW का स्पीडोमीटर 251 कि.मी./ घंटे की रफ्तार दिखाता नजर आ रहा है।
हालांकि पुलिस अभी इस वीडियो की प्रमाणिकता की जांच कर रही है। लेकिन शुरुआती जांच में अत्यधिक गति को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार BMW अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई बार पलटी खाती हुई सड़क पर दूर तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पुरजे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर के अंग भी कई मीटर दूर तक जा गिरे। घटना स्थल की तस्वीरों में BMW Z4 लगभग कबाड़ में तब्दील दिखाई दे रही है।
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और वाहन कई हिस्सों में टूट गया। हादसे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इस मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस हिस्से में दुर्घटना हुई उसे लेकर रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एक्सप्रेसवे का वो भाग अभी पूरी तरह सार्वजनिक यातायात के लिए खुला नहीं था। ऐसे में जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कार वहां तक कैसे पहुंची और क्या चालक ने किसी तरह सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, वाहन के तकनीकी डाटा और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि रोमांच और दिखावे के लिए की जाने वाली तेज रफ्तार ड्राइविंग किस तरह कुछ ही सेकंड में जिंदगी को खत्म कर सकती है। [संगीत]