रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ के पहले वीकेंड का नया प्रोमो आउट हो गया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. वीकेंड एपिसोड में होस्ट फराह खान-रितेश देशमुख का साथ देने खुद कंगना रनौत आ रही हैं. प्रोमो में कंगना आते ही टीवी के दिग्गज एक्टर राम कपूर की उनके ढीले गेम और ‘फुहड़पन’ के लिए जमकर क्लास लगाती नजर आ रही हैं.
नेटफ्लिक्स का कंट्रोवर्शियल रियलिटी शो ‘लॉकअप’ का सीजन 2 इन दिनों ओटीटी पर धूम मचा रहा है. जेल के अंदर कैदियों के बीच का ड्रामा तो बढ़ ही रहा है. अब तक तो कैदी आपस में भिड़ ही रहे थे, लेकिन अब जेल के अंदर पहले वीकेंड का हिसाब-किताब होने वाला है.
मेकर्स ने शो का एक नया प्रोमो रिलीज किया है, जिसने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है. इस वीकेंड शो के होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख का साथ देने खुद बॉलीवुड की ‘पंगा क्वीन’ यानी कंगना रनौत पहुंचने वाली हैं. प्रोमो देखकर साफ है कि कंगना आते ही घरवालों के पहले हफ्ते के खेल की धज्जियां उड़ाने वाली हैं और उनके निशाने पर आने वाले हैं टीवी के बड़े एक्टर राम कपूर.
दरअसल, ‘लॉकअप 2’ के अपकमिंग एपिसोड के प्रोमो में दिखाया गया है कि कंगना रनौत ने राम कपूर को आड़े हाथों लिया है. कंगना ने बेहद तीखे तेवर दिखाते हुए राम से कहा, “राम, गेम को सीरियसली नहीं लेना था, और अगर लगता है कि तुम इस जेल के लिए बहुत बड़े हो, तो यहां आए ही क्यों? अपना ये फुहड़पन दिखाने के लिए?”