देश की बड़ी आईवियर कंपनी में से एक लेंसकार्ट सॉल्यूशंस को बिंदी, तिलक से जुड़ा विवाद काफी महंगा पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. सोमवार को शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में काफी गिरावट देखने को मिली. जिसकी वजह से कंपनी की वैल्यूएशन 4500 करोड़ रुपए से ज्यादा कम हो गई. हाल ही में कंपनी की एक पुरानी इंटरनल ग्रूमिंग पॉलिसी ऑनलाइन सर्कुलेट हुई थी, जिसकी वजह से कंपनी की कड़ी आलोचना हुई. यह पॉलिसी दिखाई देने वाले धार्मिक पहनावे पर रोक लगाती है.
आरोप था कि इस पॉलिसी में कर्मचारियों को कुछ खास धार्मिक निशान, खासकर बिंदी और तिलक लगाने से रोका गया था, जिससे लोगों में गुस्सा भड़क उठा और कंपनी के बायकॉट की मांग उठने लगी. कंपनी को कंपनी को सोशल मीडिया पर ऑनलाइन विरोध का भी सामना करना पड़ रहा था. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर कंपनियों के शेयरों में कितनी गिरावट देखने को मिली और कंपनी को कितना नुकसान हो गया.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के शेयरों में कारोबारी सत्र के दौरान करीब 5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली. जिसकी वजह से कंपनी के शेयर कारोबारी सत्र के दौरान 508.70 रुपए के लोअर लेवल पर आ गए. वैसे कंपनी का शेयर सुबह 530.05 रुपए पर ओपन हुआ था और पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन कंपनी का शेयर 534.85 रुपए पर बंद हुआ था. वैसे दोपहर करीब 3 बजे कंपनी का शेयर करीब 1 फीसदी की गिरावट के साथ 530.60 रुपए पर कारोबार कर रहा है. इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों में रिकवरी देखने को मिली है.