अभिनेत्री नुसरत भरूचा का बाली में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यह हादसा इतना गंभीर था कि नुसरत की रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) में फ्रैक्चर हो गया है। शुरुआत में उन्हें बाली के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में एयर एंबुलेंस के जरिए भारत लाया गया। अब मुंबई में उनके स्पाइन की सर्जरी होगी।कल नुसरत का एक वीडियो सामने आया था,
जिसमें उन्हें एंबुलेंस से स्ट्रेचर पर बाहर लाते हुए देखा गया और उनके आसपास के लोग कहते सुने जा सकते थे कि उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है, कृपया उन्हें सावधानी से संभालें। नुसरत ने बहुत हिम्मत दिखाई है और खुद को संभाल कर रखा है। लेकिन नुसरत को इस हालत में देखकर उनके फैंस बेहद चिंतित हैं। फैंस बस यही दुआ कर रहे हैं कि नुसरत का इलाज अच्छे से हो और वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।हालांकि, बाली में नुसरत भरूचा का यह हादसा कैसे हुआ?
यह किस समय हुआ? और यह किस तरह का हादसा था? इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर चर्चा है कि नुसरत भरूचा पिछले एक हफ्ते से बाली में थीं। वह काम के साथ-साथ छुट्टियां मनाने (वर्क-कम-वेकेशन) बाली गई थीं और यह हादसा तब हुआ जब वह एक छत पर थीं। वहां उनका पैर फिसल गया, जिसकी वजह से उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।अब मुंबई के एक अस्पताल में उनके स्पाइन की सर्जरी होगी, जिसके बाद वह रिकवर करेंगी। फिलहाल उनकी टीम की तरफ से अपडेट है कि नुसरत की जल्द ही सर्जरी होगी और उसके बाद वह आराम करेंगी। डॉक्टरों के मुताबिक, जब तक सलाह दी जाएगी, तब तक वह रेस्ट करेंगी।
कई जगह कहा जा रहा है कि स्पाइन फ्रैक्चर से उबरने में लंबा समय लगता है। ठीक होने में तीन महीने का समय लग सकता है या छह महीने भी लग सकते हैं। यह सर्जरी के प्रकार और उन्हें कितने आराम की आवश्यकता है, इस पर निर्भर करेगा।नुसरत भरूचा 41 साल की हैं। नुसरत भरूचा को फिल्म इंडस्ट्री की बेहतरीन अभिनेत्रियों में गिना जाता है। लेकिन पिछले दो सालों में नुसरत के साथ कुछ ऐसी घटनाएं घटी हैं जिन्हें कोई आम या कमजोर दिल वाला इंसान बर्दाश्त नहीं कर पाएगा। यह घटना दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले, 2023 में नुसरत भरूचा युद्ध जैसे हालात में फंस गई थीं। नुसरत भरूचा अपनी एक फिल्म के सिलसिले में इजराइल गई थीं, तभी इजराइल और फलस्तीन के बीच तनाव बढ़ गया और युद्ध की स्थिति बन गई। उस दौरान नुसरत भरूचा 36 घंटे तक वहां फंसी रही थीं।