बॉलीवुड सितारों को धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की खबर सामने आई, और अब एक्टर तुषार कपूर को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाली धमकी भरी कॉल मिली है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपये की मांग की। इस कॉल के बाद एक्टर ने तुरंत मुंबई पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
लेकिन इस मामले में एक बड़ा ट्विस्ट तब आया जब पुलिस की टेक्निकल टीम ने धमकी भरी कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। कहा जा रहा है कि रिकॉर्डिंग में सुनाई दी आवाज़ की तुलना कथित तौर पर हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल से की गई। हालांकि, दोनों आवाज़ें मेल नहीं खाईं।
इसके बाद पुलिस को शक है कि यह कॉल संभवतः फर्जी हो सकती है।फिलहाल जांच एजेंसियां उस व्यक्ति की तलाश कर रही हैं जिसने यह धमकी भरी कॉल की थी। पुलिस अब इस बात का पता लगाने पर फोकस कर रही है कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है और उनका असली मकसद क्या था।वहीं, आपको बता दें कि कुछ समय पहले टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी।
बताया गया था कि जब एक्टर फुटबॉल खेलने गए थे, तब उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। हालांकि, पुलिस ने उस मामले में आरोपी को पहले ही हिरासत में ले लिया है।अब तुषार कपूर को मिली इस कथित धमकी भरी कॉल ने एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसे मामले लगातार सामने आने के बीच ये सितारे कितने सुरक्षित हैं?