भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली अब ठाणे के एक ओल्ड-एज होम में दिखे हैं। कांबली का वहां से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे बुजुर्गों की देखभाल करने वाले इस सेंटर की सुविधाओं और साफ-सफाई की तारीफ करते हुए साफ-साफ बोलने में संघर्ष करते दिख रहे हैं।
जाने-माने क्रिकेटर विनोद कांबली ठाणे के एक एल्डरली केयर सेंटर (बुजुर्ग देखभाल केंद्र) में दिखे हैं और वहां से एक मैसेज शेयर किया है। 1991 से 2000 के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले कांबली के इस मैसेज ने कई क्रिकेट फैंस को उनकी सेहत को लेकर चिंता में डाल दिया है। हालांकि, उनके मैसेज में सकारात्मक बातों से फैंस को तसल्ली भी हुई है। भारत के पूर्व क्रिकेटर और सचिन तेंदुलकर के दोस्त कांबली ने कैमरे पर केयर सेंटर में मिल रही देखभाल के बारे में बात की।
उन्होंने सेंटर की सुविधाओं, खासकर वहां की साफ-सफाई की तारीफ करते हुए उन्हें ‘फर्स्ट क्लास’ बताया। सबसे अहम बात यह है कि कांबली ने कहा कि उन्हें मिले प्यार-दुलार की वजह से उन्हें आराम और घर जैसा महसूस हो रहा है। हालांकि, कांबली ओल्ड एज होम में रहने गए हैं या नहीं, इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। विनोद कांबली और सचिन तेंदुलकर की जोड़ी का क्रिकेट की दुनिया लोहा मानती थी। बाएं हाथ के बल्लेबाज रहे कांबली की बैटिंग के सभी कायल रहे थे।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया जा रहा है, उसमें 54 वर्षीय विनोद कांबली ने कहा, ‘मुझे बहुत प्यार मिला है,’ और यह साफ किया कि उन्हें घर से दूर होने जैसा महसूस नहीं हो रहा है। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और प्रशंसक उनके अच्छे स्वास्थ्य और सलामती के लिए शुभकामनाएं भेज रहे हैं।वीडियो में कांबली कहते दिखे कि यहां अच्छी सुविधाएं हैं। यहां लोगों से बहुत प्यार और सम्मान मिल रहा है। ऐसा महसूस ही नहीं होता कि अपने घर से दूर हूं।
कांबली को हाल के सालों में सेहत से जुड़ी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। दिसंबर 2024 में, लो ब्लड प्रेशर और यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन की वजह से उन्हें ठाणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों को उनके शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का असंतुलन भी मिला, जिससे उनकी मांसपेशियों और चलने-फिरने की क्षमता पर असर पड़ रहा था।साथ ही, पहले आए स्ट्रोक के कारण उनके दिमाग में पुराने ब्लड क्लॉट (खून के थक्के) भी पाए गए। लगभग दो हफ्ते के इलाज के बाद जनवरी 2025 में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। तब से कांबली सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं, हालांकि उनकी सेहत और चलने-फिरने की क्षमता को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। जो प्रशंसक उन्हें उनके बेहतरीन दौर में जानते थे, उनके लिए कांबली की इन मुश्किलों को देखना वाकई दुखद रहा है। अब नया वीडियो फैंस की चिंता बढ़ा रहा है, लोग कह रहे हैं कि ये ईश्वर की अजब लीला है।