हिंदी सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार देवानंद के बेटे सुनील आनंद का मंगलवार को लंदन में निधन हो गया। देवानंद और कल्पना कार्तिक के बेटे सुनील आनंद भी पेशे से फिल्म मेकर रहे हैं। उनकी भांजी गीना नारंग ने ऑफिशियल स्टेटमेंट में इस दुखद खबर को शेयर किया। सुनील आनंद 70 साल के थे। उन्हें हार्ट अटैक आया था और इसी के चलते उनका निधन हुआ।
परिवार ने बयान में बताया कि बहुत भारी मन से बताना पड़ रहा है कि सुनील आनंद का निधन हो गया है। हमें उनके प्यार, दुआओं और सपोर्ट से सुकून मिला। हम सभी इसके लिए शुक्रगुजार हैं और आप सभी से उम्मीद करते हैं कि आप इस मुश्किल वक्त में प्राइवेसी को बनाए रखें। 30 जून 1956 को जन्मे सुनील आनंद पेशे से एक्टर और डायरेक्टर थे। उन्होंने पिता के नवनिकेतन फिल्म प्रोडक्शन को भी संभाला था। उनका जन्म स्विट्जरलैंड में हुआ जब पेरेंट्स एक फिल्म फेस्टिवल में गए थे।
सुनील आनंद ने अमेरिका से पढ़ाई की थी। साल 1984 में सुनील आनंद ने आनंद और आनंद में काम किया था। आगे चलकर वो मैं तेरे लिए और मास्टर जैसी फिल्मों में एक्टिंग करते दिखे। उन्होंने मास्टर फिल्म से डायरेक्टोरियल डेब्यू भी किया।
साल 2014 में उन्होंने हॉलीवुड फिल्म वेगेटर मिक्सर में काम किया था। देवानंद की फैमिली की बात करें तो एक्टर की पत्नी कल्पना कार्तिक हैं। जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में बतौर एक्ट्रेस काम किया था। दोनों के दो बच्चे हुए सुनील आनंद और देवीना आनंद। देवानंद की बेटी ने लाइमलाइट से दूर रहना चुना। देवानंद का निधन भी लंदन में ही हुआ था। 88 साल की उम्र में साल 2011 में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था।