राजेश खन्ना ने 18 जुलाई 2012 को दुनिया को अलविदा कहा। लेकिन उनके निधन के बाद परिवार और करीबी लोगों ने उनका एक रिकॉर्ड किया हुआ ऑडियो संदेश सार्वजनिक किया, जिसे उन्होंने अपनी मौत के बाद सुनाए जाने के लिए रिकॉर्ड कराया था।
यह संदेश उनके चाहने वालों के लिए किसी आखिरी विदाई जैसा था।इस संदेश में राजेश खन्ना ने अपने दोस्तों, भाइयों-बहनों और प्रशंसकों को याद किया। उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए बताया कि एक समय उन्हें अभिनय को लेकर डांट भी सुननी पड़ी थी, लेकिन उसी अनुभव ने उन्हें अभिनेता बनने का संकल्प दिया।उन्होंने अपने सुपरस्टार बनने का श्रेय सबसे ज्यादा अपने दर्शकों और प्रशंसकों को दिया।
उनका कहना था कि दर्शकों के प्यार ने उन्हें एक साधारण कलाकार से स्टार और फिर सुपरस्टार बनाया। सबसे भावुक बात यह थी कि उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें अपने प्रशंसकों से मिले प्यार का उतना बदला नहीं दे पाने का अफसोस रहा।करीब आठ मिनट के इस संदेश को उनके निधन के बाद आयोजित प्रार्थना सभा में भी सुनाया गया। यह राजेश खन्ना की अपने प्रशंसकों के प्रति कृतज्ञता और भावनाओं से भरी आखिरी यादों में शामिल हो गया।