राधिका आप्टे अपनी बेबाक राय और चुनौतीपूर्ण किरदारों के लिए जानी जाती हैं। एक्ट्रेस ने अपने करियर में कई ऐसे रोल निभाए हैं, जिनमें बोल्ड और इंटीमेट सीन्स भी शामिल रहे हैं। हालांकि अब राधिका आप्टे ने फिल्मों में जरूरत से ज्यादा न्यूडिटी और इंटीमेसी दिखाने की प्रवृत्ति पर खुलकर बात की है। उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक ऐसा अनुभव भी शेयर किया, जब उनके कुछ पुराने काम के आधार पर ये मान लिया गया कि वह आगे भी किसी भी तरह के बोल्ड सीन के लिए आसानी से तैयार हो जाएंगी।
इंटीमेट या बोल्ड सीन पर राधिका आप्टे का बड़ा बयान’लस्ट स्टोरीज 3′ में नजर आ रहीं राधिका आप्टे ने एक इंटरव्यू में बताया कि किसी भी इंटीमेट या बोल्ड सीन को करने से पहले उनके लिए ये समझना जरूरी है कि कहानी में उसकी वास्तविक जरूरत क्या है। उनका कहना है कि सिर्फ इसलिए किसी सीन को करना जरूरी नहीं हो जाता क्योंकि उसे स्क्रीन पर आकर्षक दिखाया जा सकता है।
शुरुआती फिल्मों के बाद बनी एक्ट्रेस को लेकर अलग धारणा-राधिका आप्टे ने जूम के साथ बातचीत में अपने करियर के शुरुआती अनुभवों को याद किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में उन्होंने कुछ फिल्मों में न्यूड सीन किए थे। इसके बाद इंडस्ट्री में कुछ लोगों ने उनके बारे में एक धारणा बना ली कि वो ऐसे सीन के लिए आसानी से तैयार हो जाएंगी।
राधिका के मुताबिक कई बार उन्हें लोगों को समझाना पड़ता था कि किसी फिल्म में पहले बोल्ड या न्यूड सीन करना इस बात की गारंटी नहीं है कि वो हर प्रोजेक्ट में ऐसा ही करेंगी। राधिका आप्टे ने कहा कि वह किसी भी सीन के लिए हामी भरने से पहले उसकी कहानी में जरूरत और संदर्भ को समझना चाहती हैं।
आप ऐसा क्यों करवाना चाहते हैं?’राधिका आप्टे ने बताया कि उन्हें कई बार ऐसे ऑफर भी मिले, जिनके पीछे उन्हें कहानी की कोई खास जरूरत नजर नहीं आई। उनके मुताबिक जब वह किसी सीन को लेकर सवाल करती थीं कि आखिर इसकी जरूरत क्या है, तो सामने से अक्सर ‘थोड़ा कर लो’ जैसा जवाब मिलता था। उन्होंने बताया कि कभी कुछ सेकेंड की किसिंग या छोटा सा इम्प्रोवाइजेशन करने के लिए भी उनसे कहा जाता था। राधिका के मुताबिक यही वजह है कि उन्होंने लोगों को साफ तौर पर बताना शुरू किया कि वह केवल इसलिए कोई इंटीमेट सीन नहीं करेंगी क्योंकि उनसे ऐसा करने के लिए कहा जा रहा है।