वैभव सूर्यवंशी को मिलेगी जिम्मेदारी,इस बड़े विभाग के बनेंगे अंबेसेडर।एक बड़ी खबर सामने आई है. वैभव सूर्यवंशी अब झारखंड के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ने वाले हैं. इसका ऐलान झारखंड के हेल्थ मिनिस्टर डॉ. इरफान अंसारी ने किया है. डॉ. इरफान अंसारी के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर बनाए जाएंगे. IPL 2026 में अपने दमदार प्रदर्शन को लेकर वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में रहे हैं.
राजस्थान रॉयल्स को क्वालिफायर 2 तक लाने में उनका बड़ा हाथ रहा है. अब उनकी उसी पॉपुलरिटी को भुनाकर झारखंड सरकार की कोशिश राज्य में स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने का है.
इरफान अंसारी ने ट्विटर पर इस बारे में जानकारी देते हुए लिखा वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी, कमाल की प्रतिभा और कम उम्र में ही पूरे देश को प्रभावित करने वाले युवा क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा. साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा.
आगे वैभव की तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा वैभव, भले ही तुम्हारी टीम (राजस्थान रॉयल्स) मुकाबला हार गई हो पर तुम करोड़ों भारतीयों का दिल जीत चुके हो. डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि वो खुद भी एक खिलाड़ी रहे हैं. ऐसे में उनकी काबिलियत को अच्छे से समझ सकते हैं. कम उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों को जिस आत्मविश्वास के साथ उन्होंने धुना है, वो काबिलेतारीफ है.