सैफ अल खान और सोहा अली खान की बहन सबा पटौदी 50 साल की हैं और उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो में सबा ने इसकी वजह बताई है। शो में सोहा के साथ पहुंची सबा ने बताया कि दोनों बहनें सैफ और अमृता की शादी में शामिल नहीं हुई थीं, तब दोनों स्कूल में थीं।
सैफ अली खान की छोटी और सोहा अली खान की बड़ी बहन सबा पटौदी के नाम से तो आप वाकिफ होंगे। शर्मिला टैगोर और मंसूर अली खान पटौदी की दूसरी संतान, सबा वैसे तो सिनेमा और चकाचौंध की दुनिया से दूर ही रहती हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर फैमिली फोटोज-वीडियोज शेयर करने के कारण अक्सर सुर्खियां बटोरती हैं। सबा पटौदी 50 साल की हैं। पेशे से जूलरी डिजाइनर हैं। उनकी निजी जिंदगी भाई-बहन और उनके परिवारों के इर्द-गिर्द ही घूमती है। जबकि खुद सबा ने अभी तक निकाह नहीं किया है। अब नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में सबा ने अपनी जिंदगी के इस पहलू को लेकर खुलकर बात की है। यही नहीं, बहन सोहा के साथ उन्होंने बचपन के कई मजेदार राज़ भी खोले हैं।
टैरो रीडर और स्पिरिचुअल हीलर सबा पटौदी ने खुलासा किया है कि निकाह तो दूर, उनका कभी कोई रोमांटिक रिश्ता भी नहीं रहा है। हां, जब वह 18-19 साल की थीं, तब परिवार ने उन्हें शादी के लिए कई लड़कों से मिलवाया गया था। लेकिन बात नहीं बनी।
सबा पटौदी कहती हैं, ‘मेरा कभी कोई बॉयफ्रेंड नहीं था। हां, 18 या 19 साल की उम्र से ही मुझे शादी के लिए कई लड़कों से मिलवाया गया, लेकिन मैंने उनमें से किसी से शादी नहीं की। हालांकि, 19 साल की उम्र में कोलकाता में एक व्यक्ति से मेरी मुलाकात हुई थी और हमारी शादी लगभग तय हो गई थी। लेकिन फिर बात नहीं बन पाई। असल में मैं इसके लिए तैयार नहीं थी।
सबा पटौदी बोलीं- मैं शादी के खिलाफ नहीं, लेकिन पापा जैसा…शो में सबा के साथ उनकी छोटी बहन और एक्ट्रेस सोहा अली खान भी थीं। सबा ने एक और बात साफ की, कहा कि वह शादी के खिलाफ नहीं हैं और न ही पहले थीं। लेकिन कभी कोई ऐसा मिला ही नहीं, जिसके साथ उनका अच्छा तालमेल बन सके। वह कहती हैं, ‘मुझे सच में ऐसा कोई नहीं मिला जिसके साथ मेरा तालमेल सही बैठता। और अब्बा जैसे पिता के बाद… सच कहूं तो, वह बहुत ही शानदार इंसान थे। ऐसा नहीं है कि आप बिल्कुल अपने पिता जैसा ही कोई साथी ढूंढ रहे होते हैं, लेकिन पिता तो पिता ही होते हैं।’