साल 1982 में फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ एक गंभीर हादसा हुआ। बेंगलुरु में एक फाइट सीन की शूटिंग करते समय उन्हें पेट में गहरी चोट लगी। हालत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह लंबे समय तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे।उस मुश्किल वक्त में अमिताभ से मिलने फिल्मी दुनिया की कई हस्तियां पहुंचीं।
इनमें हिंदी सिनेमा के शोमैन राज कपूर भी शामिल थे। लेकिन राज कपूर का अंदाज सबसे अलग था। वह अस्पताल के ICU में अमिताभ से मिलने पहुंचे तो उनके हाथ में शैंपेन की बोतल थी।अमिताभ बच्चन ने ऋतु नंदा की किताब Raj Kapoor – The One and Only Showman में इस यादगार मुलाकात का जिक्र किया था।
उन्होंने बताया कि राज कपूर उनके पास बैठे और उन्हें जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रेरित किया। राज कपूर ने कहा कि जल्दी ठीक होकर बाहर आओ, ताकि इस बोतल को तोड़कर तुम्हारी जिंदगी की नई शुरुआत का जश्न मना सकें।राज कपूर का यह अंदाज उनके जिंदगी से भरपूर व्यक्तित्व को दर्शाता था। यह सिर्फ एक मुलाकात नहीं, बल्कि मुश्किल घड़ी में दोस्ती, उम्मीद और हौसला देने का यादगार उदाहरण था।