हवाई यात्रों को दुनिया के सबसे सुरक्षित परिवहन साधनों में गिना जाता है। लेकिन सोचिए अगर कोई विमान अपने तय रास्ते से भटक कर दूसरे देश के हवाई क्षेत्र में पहुंच जाए तो क्या होगा? ऐसा ही एक मामला सामने आया है Air इंडिया की एक फ्लाइट के साथ। दिल्ली से अमृतसर जा रही Air इंडिया की फ्लाइट सोमवार रात अचानक रास्ता भटक गई और पाकिस्तान के एयर स्पेस में प्रवेश कर गई।
बताया जा रहा है कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई जिसके कारण वह अपने निर्धारित रूट से हट गया। एयरबेस AI321 विमान ने रात 9:18 पर दिल्ली से उड़ान भरी थी। इसे करीब 10:30 पर अमृतसर पहुंचना था। लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने के कारण विमान दिशा से भटक गया और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि पायलट को भी इसका अंदाजा तब हुआ जब पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की तरफ से चेतावनी मिलने लगी। चेतावनी मिलते ही पायलट ने तुरंत विमान का रुख बदला और यू टर्न लेकर भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस आ गया।
लेकिन तब तक काफी समय बीत चुका था। जब विमान अमृतसर पहुंचा तो वहां एयर ट्रैफिक बढ़ चुका था। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी और विमान को वापस दिल्ली भेजने का फैसला लिया गया। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंचा।
बाद में दोबारा अनुमति मिलने पर उसी विमान ने फिर अमृतसर के लिए उड़ान भरी और करीब 4 घंटे की देरी से रात 2:20 पर अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कर गया। एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि किसी भी एयरपोर्ट पर ट्रैफिक ज्यादा होने की स्थिति में विमान को कुछ समय हवा में इंतजार करना सामान्य प्रक्रिया है। रनवे की उपलब्धता और सुरक्षा को देखते हुए फैसले लिए जाते हैं। हालांकि इस पूरी घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और विमान सुरक्षित रहा।
लेकिन यह घटना कई सवाल जरूर खड़े करती है कि आखिर तकनीकी खराबी इतनी गंभीर कैसे हुई कि विमान दूसरे देश के एयरस्पेस में पहुंच गया। दिलचस्प बात यह भी है कि ऐसा मामला हाल के दिनों में दूसरी बार सामने आया है। इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की फ्लाइट जिन्ना 9p514 भी खराब मौसम के कारण भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी।
हालांकि उस समय भी स्थिति को संभाल लिया गया था और विमान को सुरक्षित वापस उसके निर्धारित रास्ते पर ले जाया गया। फिलहाल एयर इंडिया की इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि विमान आखिर किस तकनीकी खराबी की वजह से अपने रास्ते से भटका और भविष्य में ऐसी किसी घटना को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल सबसे बड़ी राहत की बात यही है कि विमान, यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित है।