अस्पताल के इस बेड पर दर्द से कराहती एक लड़की को मात देने की लड़ रही है। यह वही लड़की है जिसके साथ हापुड़ की एक दुकान में वह खौफनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।
हालत नाजुक है। सांसे अटक रही हैं और हायर सेंटर में डॉक्टरों की टीम इसे बचाने की हर मुमकिन कोशिश में जुटी है। जिंदगी और मौत के बीच झूलती इस युवती का यह वीडियो इस बात की गवाही दे रहा है कि उस एक लापरवाही ने उसकी जिंदगी में कितना बड़ा दर्द घोल दिया है।
डॉक्टर कह रहे हैं कि ठीक होने में वक्त लगेगा लेकिन दुआओं का दौर जारी है। सोचिए आपको तेज प्यास लगी हो। आप पानी समझकर एक सीलबंद ब्रांडेड बोतल का ढक्कन खोलें।
एक घूंट गले से नीचे उतारें और अगले ही पल आपके गले और पेट में आग लग जाए। सुनने में यह किसी खौफनाक फिल्म की कहानी लगती है। लेकिन इस लड़की के साथ ऐसा ही हुआ है। यहां एक दुकान में गहने खरीदने आई 22 साल की रिया ने अनजाने में पानी समझकर पी लिया। इस खौफनाक लापरवाही की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हुई हैं। जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए।
शुक्रवार की शाम हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर में रिया बेहद खुश होकर एक ज्वेलरी शॉप पर गहने खरीदने पहुंची थी। शॉपिंग के दौरान रिया को तेज प्यास लगी। दुकानदार ने शालीनता दिखाते हुए अपने कर्मचारी से पास की एक दुकान से ब्रांडेड पानी की बोतल मंगवाई। दुकानदार ने वह बोतल कर्मचारी को दी और कर्मचारी ने रिया को थमा दी।
रिया ने बिना कुछ सोचे बोतल खोली और पानी समझकर पी लिया। लेकिन अगले ही पल दुकान के अंदर चीख पुकार मच गई। पानी का वह पहला घूंट गले से नीचे उतरते ही रिया तड़पने लगी।
उसे उल्टियां होने लगी और वह अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगी। रिया की हालत बिगड़ते ही दुकान में हड़कंप मच गया। जब वहां मौजूद लोगों को शक हुआ तो उन्होंने उस बोतल के बचे हुए पानी को फर्श पर फेंक कर देखा। फर्श पर गिरते ही उस पानी से जैसी तीखी गंध और झाग निकलने लगा। फर्श पर बाकायदा का जलने का निशान बन गया। आनन-फानन में रिया को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि बोतल में पानी नहीं बल्कि घातक एसिड था। रिया की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया
जहां वह अब भी अस्पताल के बेड पर जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। उसे पूरी तरह ठीक होने में लंबा वक्त लगेगा। अब इस मामले में पुलिस एक्टिव हो चुकी है और सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पानी की ब्रांडेड बोतल में तेजाब कहां से आया?
क्या यह दुकान वाले की लापरवाही थी जिसने फ्रीजर में पानी की जगह तेजाब की बोतल रखी थी? क्या ज्वेलरी शॉप के कर्मचारी से कोई चूक हुई या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है?