अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत और चीन को ‘धरती पर नरक’ कहे जाने वाले एक पोस्ट को शेयर करने के बाद तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं.विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस पर मोदी सरकार की प्रतिक्रिया को ‘बेहद कमज़ोर’ बताकर ट्रंप के बयान की आलोचना की.
कई विशेषज्ञों ने ट्रंप के बयान को ‘नस्लवाद’ से भरा क़रार दिया.अमेरिका के अंदर भी इस बयान के विरोध में आवाज़ें उठ रही हैं. वहीं ईरान ने इस मामले पर भारत का समर्थन किया और इसे शानदार देश क़रार दिया.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूढ़िवादी लेखक और रेडियो होस्ट माइकल सैवेज का जन्मसिद्ध नागरिकता के बारे में एक विवादित टेक्स्ट साझा किया है.
इसमें सैवेज ने दावा किया कि मौजूदा कानून, प्रवासियों को अपनी गर्भावस्था के “नौवें महीने” में अमेरिका पहुंचकर स्थानीय कानूनों का फायदा उठाने की अनुमति देता है.माइकल सैवेज का जो बयान ट्रंप ने शेयर किया है, उसमें लिखा है, “यहाँ एक बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है
और फिर वे पूरे परिवार को चीन या भारत या दुनिया की किसी और नरक से ले आते हैं. यह देखने के लिए आपको ज़्यादा दूर जाने की ज़रूरत नहीं है. यहाँ अब इंग्लिश नहीं बोली जाती.”इसके बाद भारत में ट्रंप के इस क़दम की कड़ी आलोचना हो रही है. गुरुवार देर शाम भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इस पर एक बयान जारी किया है.