बॉलीवुड की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की कहानी सिर्फ फिल्म की चमकदमक तक सीमित नहीं रही। पर्दे पर जहां इनकी केमिस्ट्री ने दर्शकों को दीवाना बनाया। वहीं असल जिंदगी में इनका रिश्ता उतना ही भावनाओं, संघर्ष और समझ से गुजरा। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की मुलाकात फिल्म के सेट पर हुई थी। काम के दौरान शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे मोहब्बत में बदल गई। उस समय धर्मेंद्र पहले से शादीशुदा थे और चार बच्चों सनी, बॉबी, अजीता और विजीता के पिता थे।
इसके बावजूद उन्होंने हेमा मालिनी को अपना जीवन साथी बनाने का फैसला किया। साल 1980 में जब 45 वर्षीय धर्मेंद्र ने 32 साल की हेमा मालिनी से शादी की। तो यह खबर पूरे फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी बन गई। उस दौर में समाज और मीडिया दोनों ने इस रिश्ते को लेकर खूब चर्चा की। धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर और उनके बेटे सनी व बॉबी इस फैसले से आहत हुए थे। परिवार के बीच काफी तनाव रहा और दोनों घरों के रिश्ते लंबे समय तक ठंडे पड़े रहे। लेकिन वक्त के साथ सब कुछ बदल गया।
धीरे-धीरे सनी और बॉबी ने अपने पिता के फैसले को समझा और रिश्ते में आई दीवार कम होने लगी। आज दोनों भाई हेमा मालिनी से अच्छे संबंध बनाए रखते हैं। वे उनसे मिलने उनके घर भी जाते हैं। हालांकि हेमा इन पलों को सार्वजनिक नहीं करती। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था सनी और बॉबी मुझसे मिलने आते हैं। लेकिन मैं उन मुलाकातों की तस्वीरें कभी सोशल मीडिया पर साझा नहीं करती क्योंकि कुछ रिश्ते दिखाने के लिए नहीं निभाने के लिए होते हैं। दिलचस्प बात यह है कि हेमा और सनी देओल की उम्र में केवल 9 साल का अंतर है।
जबकि बॉबी उनसे 21 साल छोटे हैं। एक बार जब हेमा से पूछा गया कि दोनों बेटे उन्हें क्या कहकर बुलाते हैं? उन्होंने मुस्कुराकर जवाब दिया, हेमा जी, यह छोटा सा जवाब बहुत कुछ कह गया कि भले ही यह रिश्ता पारंपरिक ना हो, लेकिन इसमें सम्मान और अपनेपन की कोई कमी नहीं है।